रतनपुरा मोड़ पर आए दिन होती हैं दुर्घटनाएं, ज़िम्मेदार बेखबर
बाकल (कटनी): बाकल थाना क्षेत्र के राजा सलैया रतनपुरा चौराहे पर बना मोड़ वाहनों के लिए काल बनता जा रहा है। उक्त मोड़ पर अलग अलग दुर्घटनाओं में दर्जनों की मौत हो चुकी हैं। गुरुवार की रात्रि जबलपुर के पाटन से पन्ना के शाहनगर तिलक समारोह में शामिल होने जा रहा बोलेरो वाहन मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पाटन से शाहनगर तिलक लेके जा रही महिंद्रा बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 21 सीए 1257 गुरुवार की रात को ग्राम राजा सलैया के रतनपुरा चौराहे के समीप अंधे मोड़ पर पलट गई, घटना की जानकारी लगते ही बाकल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गया। दुर्घटना में बोलेरो सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं, पुलिस ने राहगीरों के सहयोग से पलटे वाहन को सीधा कराया, बोलेरो चालक ने बताया कि अंधे मोड़ में संकेत बोर्ड ना होने से समझ नहीं पाया, जिस कारण वाहन सड़क से नीचे उतरकर पलट गया।
एक माह में 3 की मौतें
ज्ञात हो कि बीते एक माह में उक्त मोड़ करीब 3 मौतें हो चुकी है। उक्त घटना स्थल पर जहाँ बीते 9 जून को मोटरसाइकिल सवार की भी मौत हो गई थीं, इससे पहले करीब एक माह पहले भी इसी स्थान पर मिनी ट्रक और मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत में 2 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
नहीं लगाया सांकेतिक बोर्ड
गौरतलब है कि उक्त मोड़ में आए दिन कोई न कोई वाहन दुर्घटना का शिकार होता है। बाबजूद जिम्मेदारों ने दुर्घटना से बचने हेतु सांकेतिक बोर्ड लगाने और मोड़ पर सांकेतिक दीवार बनाने में रुचि नही दिखाई है। जिस कारण उक्त मोड़ पर दुर्घटनाएं होती रहती है।सड़क निर्माण एजेंसी के द्वारा भी अंधे मोड़ों पर सांकेतिक बोर्ड नही लगाया गया है और सैकड़ों दुर्घटनाओं में कइयों की गई जानों से भी जिम्मेदार अपनी कुंभकर्णी नींद से जागने का नाम नहीं ले रहा है। बता दें कि यदि अतिशीघ्र उक्त मोड़ पर गति अवरौधक के साथ साथ सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है।