इंदौर: देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर नवीनीकृत पुराने टर्मिनल भवन (टी-1) का लोकार्पण 24 मार्च को किया जाएगा. इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे.नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद एयरपोर्ट की कुल क्षमता बढ़कर सालाना 50 लाख यात्रियों तक पहुंच जाएगी.
इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी. इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि एयरपोर्ट का तेजी से विकास हो रहा है. उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग को इसका प्रमुख कारण बताया, जिससे यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं.
यात्रियों के लिए नई सुविधाएं
नवीनीकृत टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जैसे- उड़ान यात्री कैफे, फ्री वाई-फाई, स्टॉल, फर्स्ट फ्लोर पर लाइब्रेरी सुविधा. यह नया टर्मिनल इंदौर एयरपोर्ट के बढ़ते महत्व और यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जो शहर के हवाई यातायात को और मजबूत बनाएगा।
