भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद बंशीलाल गुर्जर पहुंचे पशुपतिनाथ मंदिर

मंदसौर। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बंशीलाल गुर्जर मंगलवार को सपत्निक भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर पहुंचे। उनके साथ मंदसौर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंदिर पहुंचकर श्री गुर्जर ने भगवान पशुपतिनाथ महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद श्री गुर्जर नालछा माता मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने माता के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद धार्मिक स्थलों पर पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उनके साथ रहे।

सरपंच से शुरू किया राजनीतिक सफर

उल्लेखनीय है कि बंशीलाल गुर्जर ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत ग्राम लालघाटी के सरपंच के रूप में की थी। इसके बाद वे भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों पर रहे। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने प्रदेश स्तर पर भी विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। किसान नेता के रूप में उनकी पहचान लगातार मजबूत होती गई।

 

गुर्जर लंबे समय तक मंदसौर कृषि उपज मंडी से भी जुड़े रहे तथा तीन बार मंडी अध्यक्ष का दायित्व संभाला। भाजपा किसान मोर्चा में सक्रिय भूमिका के चलते उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद वे किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे। पार्टी संगठन ने उन्हें विभिन्न राज्यों में चुनाव एवं संगठन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी।

 

अब पार्टी ने उनके संगठनात्मक अनुभव और किसान राजनीति में सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है।

 

बधाई देने उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद से ही श्री गुर्जर को बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। उनके निवास पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। उनके निवास पर कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का बड़ा समागम देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इसे मंदसौर और मालवा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए श्री गुर्जर को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

Next Post

टीकमगढ़ आ रहे हैं सीएम डॉ यादव: 5 घंटे के दौरे के लिए कमिश्नर और आईजी ने खुद संभाला मोर्चा

Wed Aug 19 , 2026
टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 21 अगस्त को प्रस्तावित टीकमगढ़ दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी और आईजी मिथलेश शुक्ला बुधवार को टीकमगढ़ पहुंचे। उनके साथ इस मौके पर कलेक्टर विवेक कुमार श्रोतिय एवं एसपी सुधीर अग्रवाल […]

You May Like