
नीमच। जावद थाना क्षेत्र के ग्राम नागथून में गुरुवार सुबह एक विद्युत हादसे में जावद जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण के 22 वर्षीय पुत्र करन चारण का निधन हो गया। करन खेत पर कृषि कार्य करते समय विद्युत करंट की चपेट में आ गए थे।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नागथून निवासी करन (22) पुत्र गोपाल चारण गुरुवार सुबह अपने खेत पर कृषि कार्य के लिए गए थे। कार्य के दौरान वे अचानक फैले विद्युत करंट की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।
आस-पास मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल करन को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
करन के असामयिक निधन की सूचना मिलने पर जावद ब्लॉक के जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
घटना की सूचना पर जावद थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया है। जावद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और विद्युत करंट फैलने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
