
भोपाल। राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता का दो दिवसीय आयोजन विधानसभा भवन के मानसरोवर सभागार में हुआ, जिसमें प्रदेश भर से 250 से अधिक युवा प्रतिभागियों ने भाग लेकर समसामयिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, माय भारत मध्य प्रदेश एवं एनएसएस के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर तोमर ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके सशक्तीकरण के बिना विकसित भारत का लक्ष्य संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को विधायी प्रक्रिया से परिचित कराना और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
