राम मंदिर ट्रस्ट के कथित दान घोटाले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराई जाए: कांग्रेस

पटना, 11 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट दान के कथित दुरुपयोग के मामले की सुप्रीम कोर्ट के एक वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।

प्रयागराज से कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने आज यहां बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय सदाकत आश्रम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ट्रस्ट के गठन में उनकी सरकार की भूमिका स्पष्ट करने तथा लगाए गए आरोपों पर जवाब देने की मांग की।

श्री सिंह ने सवाल उठाया कि यदि कोई अनियमितता नहीं हुई थी तो ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय बंसल और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने इस्तीफा क्यों दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और ट्रस्ट से जुड़े लोग सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र जांच से बचने का प्रयास कर रहे हैं।

सांसद ने आरोप लगाया कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं के भगवान श्रीराम के नाम पर दिए गए दान को भाजपा, आरएसएस और उनसे जुड़े संगठनों ने “राजनीतिक लूट” का शिकार बना दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल वित्तीय अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास के साथ कथित विश्वासघात का मामला है।

श्री सिंह ने मीडिया रिपोर्टों और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे से यह संकेत मिलता है कि मामला केवल प्रशासनिक चूक तक सीमित नहीं है। उन्होंने ट्रस्ट की वित्तीय निगरानी पर भी सवाल उठाए और वरिष्ठ पदाधिकारियों से जुड़ी कथित वित्तीय विसंगतियों पर चिंता व्यक्त की।

 

Next Post

हॉकी इंडिया ने असुंता लकड़ा के सिलेक्शन से जुड़े आरोपों को खारिज किया

Sat Jul 11 , 2026
रांची, 11 जुलाई (वार्ता) भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और हॉकी इंडिया सिलेक्शन कमिटी की सदस्य असुंता लकड़ा ने 2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला टीम के सिलेक्शन प्रोसेस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीम को अंतिम रूप देने के लिए हुई बैठकों में […]

You May Like