
भोपाल। अवैध फायर ऑर्म्स तस्करी गिरोह से जुड़े भोपाल में रहने वाले एक आरोपी को बेंगलुरु पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से मौके पर बड़ी तादाद में अवैध हथियार बरामद भी किए गए.
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक 34 वर्षीय आरोपी सैयद इरफान हैदर रिजवी सिविल इंजीनियर है. आरोपी कोहेफिजा थाना इलाके के रहवासी है. पुलिस ने उसके पास से तीन देसी पिस्तौल, एक पुष्ट रिवॉल्वर और जिंदा कारतूस बरामद किया. इरफान के अवैध फायर ऑर्म्स तस्करी गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि इरफान की गिरफ्तारी से पहले बैंगलुरू पुलिस ने भोपाल के एक अन्य आरोपी जावेद आलम (19) और बेंगलुरु के सिद्धापुरा के रहने वाले सैयद मसूद ( 26) को गिरफ्तार किया है. पूर्व में गिरफ्तार हुए आरोपियों के बयान के आधार पर आरोपी इरफान की गिरफ्तारी की गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले हथियारों के साथ बेंगलुरु जा रहे एक व्यक्ति को भोपाल में आरोपी ने रोक लिया था. इस दौरान आरोपी ने संबंधित व्यक्ति के पास से एक पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस ले लिए थे. भोपाल पुलिस की मदद से बेंगलुरू पुलिस आरोपी तक पहुंची. पूरे मामले की जांच भी जारी है.
