तेहरान/तेल अवीव, 18 मार्च (वार्ता) ईरान ने बुधवार को इजरायल पर ताजा हमले करते हुए अपने शीर्ष नेताओं की हत्या का बदला लेने की घोषणा की है। vतड़के तेल अवीव और यरुशलम में प्रत्यक्षदर्शियों ने आकाश में चमक देखे जाने की सूचना दी, जिनमें तेल अवीव के ऊपर क्लस्टर म्युनिशन मिसाइल जैसा दृश्य भी शामिल था। तेल अवीव के कई इलाकों में गिरते मलबे से नुकसान हुआ, जिसके बाद बम निरोधक दस्तों और आपातकालीन सेवाओं को तैनात किया गया। इससे पहले बुधवार को मध्य इजरायल में मिसाइल के छर्रों से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तेल अवीव के उत्तर में स्थित ब्नेई ब्राक शहर में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ। आपातकालीन सेवाओं के हवाले से यह जानकारी मीडिया रिपोर्टों में दी गई है।
ईरानी सेना ने कहा कि उसने इजरायल के खिलाफ “तीव्र” हमले किए हैं। एक कमांडर ने इस कार्रवाई को “तेज रफ्तार हमला” बताया। ईरान की अर्द्ध-आधिकारिक तस्नीम समाचार एजेंसी ने ऐसे वीडियो प्रसारित किए, जिनमें तेल अवीव की ओर दागी गई मिसाइलें दिखाई गईं। इनमें खोर्रमशहर-4 मिसाइल भी शामिल बताई गई है, जिसे विशेषज्ञ 80 तक छोटे बम ले जाने में सक्षम मानते हैं। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा कि ये हमले राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी की हत्या के “प्रतिशोध” में किए गए हैं, जिन्हें कथित तौर पर मंगलवार को इजरायली हमले में मार दिया गया था। उधर, बुधवार तड़के ईरान के विभिन्न हिस्सों में भी विस्फोटों की खबरें सामने आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फारस की खाड़ी के प्रमुख बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में नौसैनिक और बंदरगाह सुविधाओं के पास कई धमाके हुए।
सुबह लगभग 8:00 बजे नौसेना क्षेत्र और शाहिद बहोनर बंदरगाह के पास विस्फोट सुने गए। इसके बाद 8:15 बजे जहानबर क्षेत्र में तथा 8:40 बजे शाहिद राजाई बंदरगाह के तेल टर्मिनल और नियंत्रण टॉवर के पास भी धमाकों की सूचना मिली। दक्षिण-पश्चिमी खुजेस्तान प्रांत के प्रमुख शहर अहवाज़ में सुबह करीब 9:30 बजे ज़ैतून करमांदी इलाके में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आसपास के इलाकों में खिड़कियां टूटने की खबर है। कर्मानशाह प्रांत के सोंगहोर कस्बे में सुबह करीब 5:00 बजे विस्फोट की सूचना मिली, जबकि फार्स प्रांत के काज़ेरून के पास लगभग 6:55 बजे धमाका सुना गया। तेहरान के पश्चिम में मालार्ड क्षेत्र में सुबह 6:50 से 7:10 बजे के बीच कई विस्फोट हुए, जबकि पास के अलबोर्ज प्रांत के फर्दीस क्षेत्र में भी लगभग 7:11 बजे कई धमाकों की आवाजें सुनी गयीं।

