भिंड: नगर लहार में लंबे समय से अधर में लटके पड़े न्यू बस स्टैंड (नगर पचपेड़ा) को सुचारू रूप से चालू कराने की मांग को लेकर सामाजिक क्रांति ऑटो टमटम मोर्चा ने जिलाधीश को आवेदन सौंपा। मोर्चा के संस्थापक वीरू धनोलिया ने बताया कि संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाधीश के समक्ष नगर की यातायात व्यवस्था से जुड़ी गंभीर समस्याओं को विस्तार से रखा और बताया कि लहार नगर में बना नया बस स्टैंड आज तक पूरी तरह संचालित नहीं हो पाया है, जिसके कारण सभी बसें एवं भारी वाहन अब भी मुख्य बाजार मार्ग से ही गुजरते हैं।
इससे आए दिन भीषण जाम की स्थिति बनती है और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और व्यापारियों को इस समस्या से अधिक दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। सामाजिक क्रांति ऑटो टम टम मोर्चा के पदाधिकारियों ने जिलाधीश से मांग की कि न्यू बस स्टैंड को तत्काल प्रभाव से चालू कराया जाए, ताकि बसों और अन्य भारी वाहनों का संचालन वहीं से हो सके।
साथ ही, नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और जाम की समस्या से राहत मिल सके।इस अवसर पर संगठन के संरक्षक जितेंद्र बघेल पटेल, अध्यक्ष मुकेश कुशवाह, उपाध्यक्ष भारत बघेल, सह सचिव मुनील शाक्य एवं ऑटो टमटम मोर्चा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
