जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत खजरी खिरिया बाईपास पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने स्कूटी सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी डंपर के नीचे फंस गई और सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। स्कूटी और डंपर दोनों में भीषण आग लग गई। दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में स्कूटी सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, माढ़ोताल के शंकर नगर का रहने वाला अजीत चौधरी रात करीब दो बजे अपनी स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान बाईपास पर पीछे से आ रहे डंपर ने उसे रौंद दिया। टक्कर के बाद स्कूटी डंपर के अगले हिस्से में लॉक हो गई। डंपर चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे भगाने का प्रयास किया, जिससे सड़क पर घिसटने के कारण दोनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों वाहन धू-धू कर जल उठे। हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक जलते हुए वाहन को सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हादसे में स्कूटी सवार अजीत चौधरी की मौत हो चुकी थी।
