इंदौर: मुसाखेड़ी क्षेत्र के किराई मोहल्ला में बीती दोपहर गैस लिकेज के कारण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य दोपहर का भोजन कर रहे थे। घर में अंकित, रोहित, राजेश और उनके भांजे-भांजी मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि रसोई में अचानक गैस रिसाव हुआ और चूल्हे की लौ के संपर्क में आते ही आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे किचन को अपनी चपेट में ले लिया।आग लगने की खबर से घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के रहवासियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आनन-फानन में घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
