इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को झाबुआ के एक युवक द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी युवती पर प्रेम संबंध रखने का दबाव बना रहा है और बात न मानने पर उसके निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि आरोपी का नाम मयंक बैरागी निवासी झाबुआ है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह मयंक को बचपन से जानती है और पहले उनके बीच सामान्य बातचीत होती थी। हालांकि, करीब एक साल पहले जब मयंक ने दोस्ती को अफेयर में बदलने का दबाव बनाना शुरू किया, तो युवती ने उससे दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी।पीड़िता का आरोप है कि बातचीत बंद करने के बावजूद मयंक उसे लगातार फोन कॉल्स और मैसेज के जरिए परेशान कर रहा था। जब युवती ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया और उसका नंबर ब्लॉक करने की कोशिश की, तो आरोपी अपनी असलियत पर उतर आया। उसने युवती को धमकी दी कि “अगर तुम मुझसे बात नहीं करोगी और अफेयर नहीं रखोगी, तो मेरे पास तुम्हारे जो फोटो हैं, उन्हें वायरल कर बदनाम कर दूंगा।”
