इंदौर: जीआरपी इंदौर क्षेत्र में ट्रेनों में चोरी की लगातार घटनाएं सामने आई हैं. एक ही दिन में दर्ज मामलों में यात्रियों के बैग से लाखों के जेवर, मोबाइल और नकदी चोरी हो गई, जबकि अलग-अलग स्थानों के तीन मामलों में शून्य पर अपराध दर्ज कर संबंधित थानों को भेजा है.पुलिस के अनुसार विष्णुपुरी निवासी मीना बिनवानी अपने पति के साथ शांति एक्सप्रेस से अहमदाबाद से इंदौर आ रही थीं. यात्रा के दौरान उन्होंने पर्स सिरहाने रखकर सो गईं. इंदौर पहुंचने पर पर्स गायब मिला. बाद में कोच कर्मचारी ने पर्स तो लौटा दिया, लेकिन उसमें रखे करीब 4.40 लाख रुपए के सोने के जेवर, मोबाइल और नकदी गायब थे.
इस मामले में जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है. इसके अलावा तीन अन्य मामलों में भी यात्रियों के पर्स चोरी हुए. नागदा स्टेशन पर एक महिला का नकदी से भरा पर्स चोरी हो गया, जबकि रीवा एक्सप्रेस और अंबेडकर नगर वीकली एक्सप्रेस में भी मोबाइल व नकदी से भरे बैग पार कर दिए. इन मामलों में घटनास्थल अन्य जिलों में होने से शून्य पर अपराध दर्ज कर संबंधित जीआरपी थानों को डायरी भेजी गई है. इधर इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 के पास एक युवक मृत मिला. जांच में उसकी पहचान राहुल गौतम उम्र 18 साल निवासी जौनपुर के रूप में हुई. प्रारंभिक जांच में मौत का कारण मिर्गी की बीमारी बताया जा रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज जांच शुरु की है.
