
नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के बोरखेड़ी पानेरी गांव में मंगलवार दोपहर शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लगने से एक कच्चा मकान और पशुओं का बाड़ा जलकर खाक हो गया। घटना के समय परिवार के सदस्य खेत पर होने से बड़ी जनहानि टल गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार आग गोविंद पिता मुन्नालाल नायक के घर में लगी। बताया जा रहा है कि बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी पास में रखे सूखे चारे पर गिर गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते कच्चा मकान, पशुओं का बाड़ा और खाद का ढेर आग की चपेट में आ गया।
धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर जवासा चौकी प्रभारी असलम पठान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दो दमकल गाडिय़ों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
