हैमिल्टन, 17 मार्च (वार्ता) न्यूजीलैंड के मध्यमक्रम के बल्लेबाज बेवन जैकब्स अपने बाएं घुटने में चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम में अनकैप्ड खिलाड़ी कैटेन क्लार्क को शामिल किया गया है।
23 साल के जैकब्स माउंट माउंगानुई में खेले गए पहले टी-20 के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय अपने बाएं घुटने के बल गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। उनके घुटने का स्कैन किया गया, जिसमें पता चला कि उनके घुटने के एक तरफ हड्डी में चोट (बोन ब्रूजिंग) लगी है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक बयान में कहा, “जैकब्स के मैदान पर वापसी की समय-सीमा तय करने के लिए अभी और जांच की आवश्यकता है।”
क्लार्क ने सुपर स्मैश टूर्नामेंट में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी, जहां वह सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। 26 साल के इस दाएं हाथ के ओपनर ने नौ पारियों में कुल 431 रन बनाए, जिसमें ओटागो के खिलाफ एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका औसत 61.57 और स्ट्राइक रेट 171.71 रहा।
