
अनूपपुर, नवभारत। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतमा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3.058 किलोग्राम गांजा, तीन जिंदा कारतूस, 37 हजार 300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक वाई-फाई डोंगल तथा एक कार जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल के नेतृत्व में 13 जुलाई की रात ग्राम पथरौड़ी स्थित एंजल किराना स्टोर के सामने वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक कार क्रमांक एमपी 18 जेडई 5709 जो कि पुलिस को देखकर भागने लगी। जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन में चालक शिवा विश्वकर्मा उम्र 30 निवासी लालपुर थाना बुढ़ार जिला शहडोल तथा उसके साथ रेखा उर्फ मनीषा गुप्ता उम्र 35 निवासी हनुमान नगर नई बस्ती थाना कोलगवां जिला सतना सवार थे। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 3 किलो 58 ग्राम गांजा, 32 बोर के तीन जिंदा कारतूस, 37,300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक वाई-फाई डोंगल, दो बैग एवं कार बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतमा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ल के साथ उपनिरीक्षक सुखीनंद यादव, प्रधान आरक्षक रामखेलावन, दिनेश राठौर, संजीव त्रिपाठी, ज्ञानेंद्र पासी, कपिल उइके, आरक्षक अभय त्रिपाठी, राकेश सिंह, महेश साहू, महिला आरक्षक सुप्रिया त्रिपाठी तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राजेंद्र अहिरवार की सराहनीय भूमिका रही।
