दिल्ली मेट्रो अर्पण केंद्रों ने एकत्र किए 41 टन से अधिक पुराने कपड़े

नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर बने 10 अर्पण केंद्रों पर अब तक 41 टन से अधिक पुराने कपड़े एकत्र किए गए हैं, जिन्हें दोबारा उपयोग में लाने लायक बनाया जा रहा है। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, 31 अगस्त तक 3,940 लोगों ने इन केंद्रों पर 41,181.59 किलोग्राम कपड़े जमा कराए। डॉ बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल केंद्र पर सबसे अधिक 9,861.40 किग्रा कपड़े एकत्र हुए, जिसके बाद शालीमार बाग केंद्र पर 9,761.03 किग्रा कपड़े प्राप्त हुए। पंजाबी बाग पश्चिम और 6,534.98 किग्रा और शाहदरा स्थित केंद्रों पर 6,386.08 किग्रा कपड़े जमा किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि अन्य केंद्र मयूर विहार-1, हौज खास, द्वारका-ककरोला, मालवीय नगर, लाजपत नगर और मोहन एस्टेट में स्थित हैं। इनमें से पांच केंद्र 3 अगस्त को शुरू किए गए थे, जबकि शेष केंद्र 12 और 17 अगस्त को चालू हुए थे। एकत्र किए गए कपड़ों में से लगभग 4,266 किग्रा कपड़े पुनः उपयोग या अपसाइक्लिंग के लिए निर्धारित किए गए, जबकि 29,424 किग्रा कपड़े रीसाइक्लिंग के लिए भेजे गए।

स्वयं सहायता समूह के एकत्र किए गए कुछ कपड़ों का उपयोग पायदान (रग्स), फाइल फोल्डर, की-रिंग, पाउच, बैग और तोरण जैसे उत्पाद बनाने के लिए कर रहे हैं। इन उत्पादों को केंद्रों पर प्रदर्शित और बिक्री के लिए रखा जाता है, जिनसे अब तक कुल 27,036 रुपये की बिक्री दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल नागरिकों को अनुपयोगी कपड़ों के निपटान का एक बेहतर विकल्प प्रदान करती है और यह सुनिश्चित करती है कि सामग्री का अधिकतम पुनः उपयोग हो सके। दिल्ली सरकार इस नेटवर्क का विस्तार करने की योजना बना रही है। जनवरी 2027 तक मॉडल टाउन, आईएनए, आईपी एक्सटेंशन, पश्चिम विहार पश्चिम, राजेंद्र प्लेस, जनकपुरी पश्चिम, राजौरी गार्डन, ग्रेटर कैलाश, द्वारका सेक्टर 10 और छतरपुर मेट्रो स्टेशनों पर 10 अतिरिक्त अर्पण केंद्र शुरू करने का प्रस्ताव है।

Next Post

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से तीन स्तरों पर मजबूत होगी देश की छविः मल्होत्रा

Sun Sep 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा है कि भारत का ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की अध्यक्षता और मेजबानी गौरव की बात है और राष्ट्रीय राजधानी और देश की की छवि तीन स्तरों पर और मजबूत होगी, जिसमें आर्थिक नेतृत्व, वैश्विक […]

You May Like