नयी दिल्ली 28 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कहा कि वोट के अधिकार को छीनने पर उतारू मोदी सरकार अब लोगों के जीवन जीने के अधिकार को भी खत्म करना चाहती है। श्री खरगे ने कहा कि त्योहारों के बीच कमरतोड़ महंगाई आम लोगों की कमाई की एक-एक पाई निगल रही है, जिससे आम परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने महंगाई और घरेलू आर्थिक स्थिति से जुड़े आंकड़ों का हवाला देते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि खाद्य महंगाई 2.13 प्रतिशत से बढ़कर 7.74 प्रतिशत तक पहुंच गयी है, जबकि खुदरा महंगाई 5.54 प्रतिशत और थोक महंगाई 11.39 प्रतिशत है। उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू कर्ज में 36.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और घरेलू वित्तीय बचत में चार प्रतिशत की गिरावट आयी है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा के पुराने चुनावी नारों का उल्रलेख करते हुए कहा कि सत्ता में बैठी भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगर भाषणबाजी से समय मिले, तो उन्हें वर्ष 2014 से पहले का अपना विज्ञापन ‘बहुत हुई महंगाई की मार’ दोबारा देखना चाहिए। श्री खरगे ने तंज कसते हुए कहा कि जनता ने ‘अच्छे दिन’ की उम्मीद में 12 वर्ष गंवा दिये हैं।

