
विदिशा। मंगलवार को माधवगंज चौराहे से निकली कांग्रेस की रैली में जिलेभर से कार्यकर्ताओं का जमावड़ा दिखा। रैली का समापन कोतवाली पहुंचकर ज्ञापन सौंपने के साथ हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंच से भाजपा और उसके नेताओं पर तीखे वार किए।
पटवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में अस्पताल लापरवाही के अड्डे बन गए और स्वास्थ्य-शिक्षा को निजी हाथों में सौंप दिया गया। उन्होंने आरक्षण रोकने के लिए करोड़ों रुपये कोर्ट में खर्च करने का भी आरोप लगाया।
मंच से हुई गालीबाजी पर सफाई देते हुए पटवारी ने दावा किया कि गाली देने वाला कांग्रेस का नहीं, भाजपा का व्यक्ति था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक भाजपा विधायक ने हाई कोर्ट के जज को धमकाकर केस से हटने को मजबूर कर दिया।
