पामाखेड़ी में खाकी वर्दी पहनकर डकैती डालने वाले गिरोह पुलिस गिरफ्त में

खंडवा। पुलिस ने थाना नर्मदानगर के ग्राम पामाखेड़ी में हुई सनसनीखेज डकैती का खुलासा करते हुए अंतर-जिला गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) के निर्देशन में खंडवा, धार और शाजापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

बीते 12 मार्च 2026 की सुबह करीब साढ़े छह बजे, फरियादी ललित सोलंकी के घर एक बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो से 8 नकाबपोश बदमाश पहुंचे। गिरोह के दो सदस्य खाकी वर्दी में थे, जिससे परिवार को पुलिस कार्रवाई का भ्रम हो। बदमाशों ने घर में मौजूद तीन नौकरों के हाथ-पैर रस्सी और टेप से बांधकर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद अलमारी और लॉकर तोडक़र 1 लाख 60 हजार नगद और एक 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक लेकर फरार हो गए।

तकनीकी साक्ष्य और ‘मोडस ऑपेरंडी’ से मिला सुराग :घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी खंडवा श्री मनोज राय ने तीन विशेष टीमों का गठन किया। विवेचना के दौरान पता चला कि ठीक ऐसी ही वारदात 13 मार्च को धार जिले के बाग में एक प्रॉपर्टी ब्रोकर के यहाँ हुई थी, जहाँ बदमाशों ने काली स्कॉर्पियो और खाकी वर्दी का इस्तेमाल किया था। दोनों वारदातों में समानता मिलने पर आईजी इंदौर जोन द्वारा संयुक्त जांच दल बनाया गया। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस किया।

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी :पुलिस ने घेराबंदी कर अब्दुल गफ्फार उर्फ राजा (सोनकच्छ), डॉ. शहजाद (बेरछा मंडी) और नरसिंह बघेल (धार/देवास) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनके पास से लूटी गई 12 बोर की बंदूक, तलवार और डकैती में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है। इस चुनौतीपूर्ण गुत्थी को सुलझाने में एसडीओपी मूँदी मनोहर सिंह गवली, थाना प्रभारी विकास खिची (नर्मदानगर), निरीक्षक राजेंद्र नरवरिया (मूँदी) सहित साइबर सेल के आरक्षकों और शाजापुर जिले की मक्सी व बेरछा पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही। आईजी इंदौर जोन ने पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए नकद इनाम की घोषणा की है।

Next Post

उज्जैन में बनेंगे बस और ट्रक, स्वीडन का वॉल्वो ग्रुप लगाएगा प्लांट

Mon Mar 16 , 2026
उज्जैन। स्वीडन की विश्वस्तरीय ऑटोमोबाइल कंपनी वॉल्वो ग्रुप और भारत की आयशर मोटर्स के संयुक्त उद्यम वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (वीईसीवी) जिले में एक और बड़ा औद्योगिक निवेश करने जा रही है। कंपनी को यूनिट के विस्तार के लिए विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में भी 70 एकड़ जमीन आवंटित की गई […]

You May Like