इटारसी। आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड केसला में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत असाक्षरों की परीक्षा आयोजित की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से उन लोगों को साक्षर बनाया जा रहा है जो बचपन में गरीबी, संसाधनों की कमी या अन्य कारणों से पढ़-लिख नहीं पाए।
केसला विकासखंड में 213 सामाजिक चेतना केंद्र संचालित हैं, जहां अक्षर साथियों द्वारा शिक्षार्थियों को बुनियादी साक्षरता, संख्याज्ञान, डिजिटल, कानूनी और वित्तीय साक्षरता की शिक्षा दी जाती है। छह माह के अध्ययन के बाद 14 मार्च को इन केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें लगभग 2200 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा का अवलोकन जन शिक्षा केंद्र स्तर पर जन शिक्षकों और संकुल समन्वयकों ने किया। वहीं ब्लॉक साक्षरता सह-समन्वयक श्रीमती सुषमा मौर्य ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर प्रतिभागियों को साक्षरता के महत्व के प्रति प्रेरित किया।
