
जबलपुर। गर्मी की दस्तक के साथ चिलचिलाती धूप से धरती तपने लगी है। रविवार को सुबह से सूर्यदेव तमतमाये रहे। गर्मी से बचने लोग कूलर, पंखा, एसी का सहारा लेते रहे और जो जरूरी काम से बाहर निकले वे गमच्छा, टोपी और चश्मे लगाये नजर आये। अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा । सुबह के वक्त आद्रता 46 और शाम को 19 प्रतिशत दर्ज की गई। पश्चिमी हवाएं 5 से 6 किमी की रफ्तार से चली।
मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पंजाब और उसके आसपास 1.5 से 3.1 किमी की ऊँचाई (माध्य समुद्र तल से ऊपर) पर एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में बना हुआ है। इसके साथ मध्य तथा ऊपरी स्तर की पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ भी विद्यमान है, जिसकी धुरी 5.8 किमी की ऊँचाई पर उत्तर अक्षांश के उत्तर में स्थित है। दक्षिण हरियाणा और उसके आसपास 0.9 किमी की ऊँचाई (औसत समुद्र तल से ऊपर) पर स्थित ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
