जबलपुर: धनवंतरी नगर चौराहे पर स्थित देशी एवं विदेशी कंपोजिट शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दुकान बंद होने के बाद भी संचालकों द्वारा पीछे के रास्ते से देर रात तक शराब की बिक्री की जा रही है। बताया जाता है कि यहां रात करीब 2 बजे तक लोगों को शराब उपलब्ध कराई जाती है। सूत्रों ने बताया कि देर रात तक शराब मिलने के कारण दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। कई लोग शराब पीने के बाद वहीं देर रात तक हंगामा करते हुए भी दिखाई देते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति बन जाती है।
खुले में होता है शराब का सेवन
जानकारी के अनुसार शराब दुकान से शराब लेने के बाद कुछ तत्व यहां खुले में ही शराब का सेवन करते हुए भी नजर आते हैं। जिसके कारण देर रात तक यहां भीड़ बने रहने से आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और क्षेत्र की शांति भी भंग होती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय पर इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में यहां कानून व्यवस्था की समस्या और बढ़ सकती है।
आधी सड़क तक खड़ी रहती हैं गाड़ियां
शराब दुकान पर आने वाले लोगों के वाहन अक्सर सड़क के किनारे ही खड़े कर दिए जाते हैं। कई बार गाड़ियां आधी सड़क तक खड़ी रहती हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। रात के समय भीड़ अधिक होने के कारण यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन जाती है
