ईरान-इजरायल युद्ध: इजरायल का तेहरान स्थित ‘तालेघन’ परमाणु केंद्र पर बड़ा हमला; परमाणु क्षमताओं को नष्ट करने का दावा

तेल अवीव 12 मार्च (वार्ता/शिन्हुआ) इजरायली सेना ने गुरुवार को दावा किया कि उसने कुछ दिन पहले ईरान की राजधानी तेहरान स्थित ‘तालेघन’ परमाणु केंद्र पर बड़ा हमला किया है। इजरायल का कहना है कि ईरान इस केंद्र का इस्तेमाल अपनी परमाणु क्षमताओं को बढ़ाने और परमाणु हथियार विकसित करने के लिए कर रहा था। इजरायली सैन्य बयान के अनुसार, पिछले कुछ दिनों के भीतर तालेघन परिसर को निशाना बनाया गया है। इजरायल का आरोप है कि इस केंद्र का उपयोग हाल के वर्षों में उन्नत विस्फोटकों को विकसित करने और ‘अमाद प्रोजेक्ट’ से संबंधित प्रयोगों के लिए किया जा रहा था। इजरायल ‘अमाद’ को ईरान का एक गुप्त परमाणु हथियार कार्यक्रम बताता है।

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के अनुसार, अमाद प्रोजेक्ट आधिकारिक तौर पर 1989 से 2003 के बीच सक्रिय था, लेकिन इजरायल का दावा है कि इसकी गतिविधियां आज भी गुप्त रूप से जारी हैं। दूसरी ओर, ईरान ने हमेशा परमाणु हथियारों की बात से इनकार किया है और अपने परमाणु कार्यक्रम को शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए बताया है। फिलहाल तेहरान की ओर से तालेघन केंद्र को हुए नुकसान पर कोई तत्काल टिप्पणी नहीं आई है। इजरायली सेना ने इस ऑपरेशन की सैटेलाइट तस्वीरें भी जारी की हैं। गौरतलब है कि इससे पहले तीन मार्च को तेहरान के बाहरी इलाके में स्थित ‘मिनजादेही’ परिसर पर भी ऐसा ही हमला किया गया था।

Next Post

सेनेगल ने समलैंगिक संबंधों के लिए दस साल तक की सजा का प्रावधान करने वाला विधेयक पारित किया

Thu Mar 12 , 2026
दकार, 12 मार्च (वार्ता) सेनेगल की संसद ने बुधवार को समलैंगिक संबंधों के लिए अधिकतम सजा को दोगुना करते हुए 10 साल तक की जेल का प्रावधान करने वाला विधेयक पारित कर दिया। नेशनल असेंबली में भारी बहुमत से पारित इस विधेयक को कानून बनने के लिए अब राष्ट्रपति बासिरौ […]

You May Like