भोपाल, 15 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज अपने दुबई प्रवास के दौरान निवेश को लेकर हुई चर्चाओं की जानकारी देते हुए यूएई सरकार और निवेशकों का आभार प्रकट किया।
डॉ यादव ने अपने बयान में कहा कि उनके दुबई प्रवास के दौरान 13 से 15 जुलाई के बीच दुबई सरकार ने भी भारत सरकार के माध्यम से राज्य के अधिकारियों के साथ विभिन्न आयोजन रखे। उन्होंने कहा कि वे इसके लिए यूएई सरकार, वहां के निवेशकों और यूएई में भारत के वाणिज्य महादूतावास का आभार प्रकट करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुबई की ताकत को पहचाना। 2015 के बाद से उन्होंने दुबई के माध्यम से व्यापार का एक नया दरवाजा खोलने का काम किया। उन्होंने सर्वाधिक यात्राएं यहां की कीं। दुबई के लोगों और भारत के व्यापारियों के लिए श्री मोदी की ये पहल एक मील के पत्थर की तरह का अभियान रहा है।
डॉ यादव ने अपने दुबई प्रवास के दौरान की निवेश को लेकर विभिन्न वार्ताओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई है।
इसके पहले डॉ यादव की आज लॉजिस्टिक कंपनी डीपी वर्ल्ड के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी निवेश को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री आज दुबई यात्रा के बाद स्पेन रवाना होने वाले हैं। स्पेन की उनकी ये यात्रा 19 जुलाई तक रहेगी।
