भैरुंदा। मां ने अपनी बेटी को ज्यादा मोबाईल चलाने को लेकर डांट दिया. जिससे नाराज होकर नाबालिग बेटी बिना बताए घर छोड़कर चली गई. जिसे पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर बरामद कर परिजनों को सौंपा.
जानकारी के अनुसार बीती रात फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू कर दी. एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक पूजा सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की. रात्रि गश्त के दौरान प्रधान आरक्षक लोकेश रघुवंशी को सुहानी पैलेस के पास नाबालिग बालिका मिली. पूछताछ में बालिका ने बताया कि उसकी मां द्वारा मोबाईल फोन के अधिक उपयोग को लेकर मोबाईल ले लेने पर वह नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी. पुलिस ने बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया. साथ ही महिला उपनिरीक्षक पूजा राजपूत द्वारा बालिका की काउंसलिंग कर उसे भविष्य में इस तरह घर न छोडऩे की समझाइश दी गई. इस कार्रवाई में पूजा राजपूत, लोकेश रघुवंशी, सतेंद्र, मुकेश, विश्वास की भूमिका रही.
