
भोपाल। जेल से 6 महीने की सजा काट कर जमानत पर रिहा हुए एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. बुधवार को बिलखिरिया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की.
जानकारी के अनुसार विवेक तिवारी (24) हारमोनियम वादन में माहिर थे. विवेक को अपनी इस कला के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान भी मिला था. विवेक की शादी एक नाबालिग लड़की से पहले तय हुई थी और दोनों परिवार लड़की के बालिग होने के बाद शादी कराने के लिए राजी थी. साल 2025 में विवेक की मंगेतर ने उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया. करीब 20 दिन पहले 6 महीने जेल से सजा काटने के बाद जमानत पर रिहा हुए विवेक ने मंगलवार को अपने घर के एक कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि विवेक जेल से रिहाई के बाद भी तनाव में नजर आते थे. परिवार के लोगों को भी उनके इस कदम उठाने को लेकर अंदेशा भी नहीं था. विवेक के आत्महत्या करने से उनके गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है. पुलिस को मौके पर सुसाइड़ नोट बरामद नहीं हुआ. बिलखिरिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
