सतना:खराब परिचालन व्यवस्था और लगातार विलंब से चल रही ट्रेनों के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ-साथ कई स्पेशल ट्रेनें भी निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों का सफर प्रभावित हो रहा है।रविवार को रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंचीं।
ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को घंटों प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों को हुई। देरी से चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में रायपुर गरीब रथ एक्सप्रेस, मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस, मानिकपुर–सतना मेमू, सोगरिया–दानापुर एक्सप्रेस तथा इटारसी एक्सप्रेस शामिल रहीं। वहीं स्पेशल ट्रेनों में दानापुर–हड़पसर स्पेशल और दानापुर स्पेशल फेयर ट्रेन भी निर्धारित समय से काफी विलंब से संचालित हुईं।
लगातार ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। कई यात्रियों की अन्य ट्रेनों से कनेक्टिविटी छूट गई, जबकि कुछ को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने रेलवे से ट्रेनों का संचालन समय पर सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
