
सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने आज दिन मंगलवार को माड़ा, मकरोहर और अमिलिया के राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण कर प्रकरणों के निराकरण की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय में प्राप्त आवेदनों, लंबित प्रकरणों और नस्तियों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कई मामलों में गंभीर लापरवाही सामने आने पर संबंधित तहसीलदारों और रीडरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। माड़ा तहसील न्यायालय के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि राजस्व सर्किल न्यायालय में निर्धारित समय पर कई प्रकरण दर्ज ही नहीं किए गए थे। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए वर्तमान रीडर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और तहसीलदार जाह्नवी शुक्ला को निर्देश दिए कि सभी लंबित राजस्व प्रकरणों को तत्काल दर्ज कर सात दिवस के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व मामलों की नियमित सुनवाई कर समय सीमा के भीतर प्रकरणों का समाधान किया जाए।
आवेदको एवं अधिवक्ताओं की सुनी समस्याएं
कलेक्टर ने अमिलिया राजस्व न्यायालय का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व प्रकरणों का समय पर और गुणवत्ता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि सप्ताह में दिन निर्धारित कर नियमित रूप से कोर्ट संचालित किए जाएं और सभी लंबित मामलों को आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज कर समय सीमा में निराकृत करें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय पहुंचे आवेदकों और अधिवक्ताओं से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि राजस्व मामलों के निराकरण के लिए नियमित सुनवाई सुनिश्चित करें। साथ ही तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों की नियमित बैठक लेकर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
