भराड़ीसैंण (गैरसैंण) 09 मार्च, (वार्ता) उत्तराखंड की पंचम विधानसभा (विस) का सत्र राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण स्थित विधान भवन में आज पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगा। जिसमें वंदे मातरम् के वाचन के पश्चात राज्यपाल सेवानिवृत लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह अपना अभिभाषण सदन के समक्ष देंगे।
कार्य मंत्रणा समिति की रविवार शाम हुई बैठक में सोमवार तथा मंगलवार के उपवेशनों का कार्यक्रम इस रूप में रखे जाने की सिफारिश की। इसके अनुरूप आज पूर्वाह्न 11 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा। तत्पश्चात् अध्यक्ष ऋतु भूषण द्वारा राज्यपाल के अभिभाषण का पाठ अपराह्न 02:00 बजे किया जाएगा।
भोजनावकाश के बाद अपराह्न तीन बजे नेता सदन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए आय-व्ययक का प्रस्तुतीकरण किया जायगा। इसके बाद अगले दिन मंगलवार को अध्यादेशों को सदन के पटल पर रखा जायगा। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का प्रस्तुतीकरण एवं चर्चा के साथ अन्य विधायी कार्य किए जायेंगे।
