श्योपुर: जिले के सेसईपूरा थाना क्षेत्र में कूनो नदी के पुल के नीचे युवक का शव मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।स्थानीय लोगों ने युवक का शव पड़ा हुआ देखा। इसकी जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सेसईपूरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव की पहचान ग्राम मोरावन निवासी सूरज पिता मनी आदिवासी के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि युवक सुबह करीब छह बजे अपने घर से निकला था और उसके बाद दिनभर वापस नहीं लौटा। थाना प्रभारी जेनेशपाल सिंह जादौन ने बताया कि कूनो नदी के पुल के नीचे युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। युवक के परिजनों ने भी मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की पुष्टि की। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
