दाऊ साहब की पुण्यतिथि पर चुरहट में उमड़ा जनसैलाब, समाधि स्थल पर श्रद्धा और भावनाओं का संगम

चुरहट। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह ‘दाऊ साहब’ की 15वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को चुरहट स्थित रावसागर तालाब के समीप बने उनके समाधि स्थल पर श्रद्धा, स्मरण और सम्मान का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे उनके अनुयायियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर दाऊ साहब को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय दाऊ साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। चुरहट के विधायक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने अपने पिता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय जनों ने भी माल्यार्पण कर दाऊ साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके पश्चात रावसागर तालाब स्थित समाधि स्थल पर आयोजित पुष्पांजलि सभा में श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें स्मरण किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे दाऊ साहब के अनुयायियों की बड़ी उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि जननायक अर्जुन सिंह के प्रति लोगों का स्नेह और सम्मान आज भी उतना ही गहरा है।

इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विधायक अजय सिंह राहुल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय दाऊ साहब ऐसे दूरदर्शी और संवेदनशील राजनेता थे जिन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति के हित को सर्वोपरि रखा। उनके हर निर्णय में दलितों, गरीबों, पिछड़े वर्गों और किसानों के उत्थान की स्पष्ट झलक दिखाई देती थी।

उन्होंने कहा कि दाऊ साहब केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचार और एक संस्था थे, जिन्होंने अनेक लोगों को जनसेवा की राजनीति का मार्ग दिखाया। उनके लिए राजनीति सत्ता का साधन नहीं बल्कि समाज की सेवा का माध्यम थी। जीवन के अंतिम क्षण तक वे स्वयं को कांग्रेस का एक साधारण सिपाही कहते रहे।

अजय सिंह राहुल ने भावुक स्वर में कहा कि एक ऐसे महान व्यक्तित्व की संतान होना मेरे लिए गर्व का विषय है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। आज उनके हमारे बीच न होने से जो रिक्तता महसूस होती है, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है, लेकिन उनके विचार और आदर्श हम सभी के लिए मार्गदर्शक बने रहेंगे।

उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे दाऊ साहब के अनुयायियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी का यह स्नेह और श्रद्धा ही दाऊ साहब की सच्ची विरासत है। आप सबके प्रेम और समर्पण को देखकर यह विश्वास और भी मजबूत होता है कि उनके आदर्श आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान सतना से आए सत्येंद्र पांडे और उनके साथियों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत हो गया।

कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस नेता डॉ. महेंद्र सिंह चौहान ने किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह ‘दाऊ साहब’ को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Next Post

धार के पक्षाल जैन की यूपीएससी में आठवीं रैंक

Fri Mar 6 , 2026
धार । जिले के बाग के छात्र पक्षाल जैन ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 8वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पक्षाल की इस सफलता से उनके परिवार और पूरे बाग में उत्सव का माहौल है। कपड़ा व्यापारी […]

You May Like

मनोरंजन

एस. एस.राजामौली ने महेश बाबू की फिल्म वाराणसी के लिए हैदराबाद में बनाया आलीशान सेट मुंबई, 25 मार्च (वार्ता) फिल्मकार एस. एस. राजामौली ने अपनी आने वाली फिल्म ‘वाराणसी’ के लिए हैदराबाद में आलीशान सेट बनाया है। फिल्म वाराणसी में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं।अभी इस फिल्म का प्रोडक्शन चल रहा है और यह हैदराबाद में लगाए गए शानदार सेटों के लिए खूब सुर्खियां बटोर रही है, जहाँ बड़े पैमाने पर वाराणसी की झलक को फिर से बनाया गया है। प्रतिष्ठित मंदिरों और आलीशान महलों के डिजाइन से लेकर बारीक से बारीक बनावट तक, ये सेट वाराणसी से इतने मिलते-जुलते हैं कि कोई भी यह महसूस किए बिना नहीं रह सकता कि वे साक्षात उसी पवित्र शहर के बीचों-बीच खड़े हैं। घाटों, मंदिरों और वहाँ के माहौल को इतनी बारीकी से डिजाइन किया गया है कि वाराणसी की रूह को पूरी तरह से उसमें उतारा जा सके, जिससे ये सेट एकदम असली नजर आ रहे हैं। चर्चा को और बढ़ाते हुए, ‘वाराणसी’ से महेश बाबू का ‘रुद्र’ के रूप में दमदार लुक, पृथ्वीराज सुकुमारन का ‘कुंभा’ के रूप में इंटेंस पहला लुक और प्रियंका चोपड़ा जोनस का ‘मंदाकिनी’ के रूप में रौबदार अवतार पहले ही सामने आ चुका है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और पूरे देश में एक्साइटमेंट भर दी है। इन शानदार झलकियों ने उम्मीदें बहुत बढ़ा दी हैं, और अब दर्शकों का इंतज़ार सातवें आसमान पर है क्योंकि हर कोई इस भव्य सिनेमाई अनुभव का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है, जो सात अप्रैल, 2027 को बड़े पर्दे पर एक ग्रैंड रिलीज के लिए तैयार है।