बातों में उलझाकर किराना दुकान की दराज से 25 हजार रुपए चोरी

राजगढ़। जिला मुख्यालय के मैन मार्केट स्थित किराना दुकान में रविवार शाम करीब 7.30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा और दुकानदार को बातों में उलझाकर दराज में रखे करीब 25 हजार रुपए चोरी कर फरार हो गया।

आरोपी ने पहले टूथपेस्ट और तेल खरीदा, इसके बाद नारियल का भाव पूछकर छह नारियल देने को कहा। दुकानदार जैसे ही नारियल लेने अंदर गया, आरोपी ने मौका पाकर दराज से रुपए निकाल लिए। घटना के बाद व्यापारी और व्यापारी संघ के पदाधिकारी कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश में जुटी है।

ग्राहक बनकर पहुंचा, नारियल के बहाने बनाया मौका

मेसर्स तुलसीराम किराना के संचालक बैजू बावरा गुप्ता ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम वह तिल्ली चौक स्थित मैन मार्केट में अपनी किराना दुकान पर बैठा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान पर आया। उसने टूथपेस्ट और तेल सहित करीब 40 रुपए का सामान खरीदा। इसके बाद उसने नारियल का भाव पूछा। दुकानदार ने 30 रुपए प्रति नारियल बताया तो आरोपी ने छह नारियल देने की बात कही।

नारियल लेने के लिए दुकानदार जैसे ही दुकान के अंदर पीछे की ओर गया, उसे काउंटर की दराज खोलने-बंद करने की आवाज सुनाई दी। वह तत्काल बाहर आया, लेकिन तब तक आरोपी वहां से गायब हो चुका था। दराज में दिनभर के व्यापार के करीब 25 हजार रुपए रखे थे, जो गायब मिले।

दुकानदार के पीछे भागने तक आरोपी हो चुका था फरार

इसी दौरान सामने स्थित ओम टेलीकॉम के संचालक दीपक वर्मा ने बताया कि कुछ देर पहले एक व्यक्ति दुकान के पास खड़ा था और दराज से रुपए निकालकर भागा है। दीपक वर्मा सहित अन्य लोगों ने आरोपी को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया, लेकिन वह रुपए लेकर मौके से फरार हो गया।

दुकानों की रेकी कर रहा था बदमाश

घटना के बाद व्यापारियों ने आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में सामने आया कि संदिग्ध व्यक्ति शाम से ही बाजार में घूमकर दुकानों की रेकी करता नजर आया। व्यापारियों के अनुसार पारायण चौक स्थित होटल ऐसी में भी उसने हाथ साफ करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुआ। इसके अलावा तिल्ली चौक की पुरुषोत्तम साहू की किराना दुकान पर भी वह करीब 15 मिनट तक खड़ा होकर मोबाइल पर बात करता कैमरे में कैद हुआ है।

एक दिन पहले गल्ले से गायब हुए थे 3 हजार

सब्जी बाजार स्थित जेके स्टेशनरी के व्यापारी जितेंद्र विजयवर्गीय के अनुसार शनिवार को उनकी दुकान के गल्ले में रखे करीब 3 हजार रुपए नहीं मिले थे। उन्होंने इसे अपनी भूल मानते हुए उस समय ज्यादा ध्यान नहीं दिया और पुलिस को भी सूचना नहीं दी। हालांकि, रविवार को किराना दुकान में हुई चोरी की घटना के बाद व्यापारियों ने इस मामले को भी संदिग्ध मानते हुए चर्चा शुरू कर दी है।

एकजुट हुए व्यापारी, आरोपी को पकड़ने की मांग

रविवार शाम चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही नगर के व्यापारी एकजुट होकर कोतवाली पहुंचे। व्यापारियों ने पुलिस से बाजार में हुई चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपी को जल्द पकड़ने और मामले का खुलासा करने की मांग की। व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की बात भी रखी। इस दौरान संघ के अध्यक्ष अशोक गुप्ता चतरलाल, कार्यकारी अध्यक्ष बंटी पांडेय, संजय गुप्ता, अनिल सिंघी, राकेश चौधरी, गणेश साहू, हरित विजय, विवेक गुप्ता चिंटू, जितेंद्र विजय, श्याम गुप्ता, गट्टू दुबे, रोशन गुप्ता, नयन विजय आदि पहुचे।

आरोपी अलग-अलग कैमरों में दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज और प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस उसकी पड़ताल कर रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

मंजू मखेनिया, टीआई, कोतवाली राजगढ़

Next Post

कार के आगे टहलते बाघ ने मचाई सनसनी 

Mon Sep 28 , 2026
सीहोर। बुधनी रेंज के शाहगंज क्षेत्र में बाघ की लगातार चहलकदमी से ग्रामीण अंचल में दहशत का माहौल है. बनेटा, बांद्राभान और रामनगर के आसपास पिछले तीन-चार दिनों से बाघ की मौजूदगी की सूचनाएं मिल रही हैं. रविवार रात बनेटा और डुंगरिया के बीच निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे […]

You May Like