
धार । जिले के बाग के छात्र पक्षाल जैन ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 8वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पक्षाल की इस सफलता से उनके परिवार और पूरे बाग में उत्सव का माहौल है।
कपड़ा व्यापारी नीलेश जैन और गृहिणी दीप्ति जैन ने बताया कि पक्षाल शुरू से ही कुशाग्र बुद्धि रहे हैं।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बाग से प्राप्त की और इंदौर से स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद आईआईटी कानपुर से फाइनेंस में डिग्री ली। तकनीकी शिक्षा के बाद उन्होंने देश सेवा के लक्ष्य के साथ साल 2022 में दिल्ली जाकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी।
पक्षाल की छोटी बहन ने उनकी सफलता के पीछे के संघर्ष को साझा करते हुए बताया कि वे दिनभर में मात्र 5 घंटे की नींद लेते थे। शेष सारा समय वे लाइब्रेरी में पढ़ाई करते हुए व्यतीत करते थे। उनकी इस कड़ी मेहनत और एकाग्रता ने ही उन्हें देश के शीर्ष दस अभ्यर्थियों की सूची में स्थान दिलाया है।
पक्षाल को यह सफलता अपने
तीसरे प्रयास में मिली है। उनके परिजनों ने बताया कि पहले प्रयास में उन्हें आईपीएस (IPS) मिलने की संभावना थी, लेकिन उनका एकमात्र लक्ष्य आईएएस (IAS) बनना था।
