
नीमच। शहर के महू-नीमच हाईवे पर स्थित राजस्थानी होटल में देर रात एक पुलिस आरक्षक ने शराब के नशे में हंगामा किया। आरक्षक पर होटल स्टाफ से गाली-गलौज करने, एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने और मुफ्त में सिगरेट व पानी की बोतल मांगने का आरोप है। इस घटना के वीडियो भी सामने आया है।
आरक्षक और उसके साथी ने होटल में किया हंगामा
होटल संचालक चंचल सोनी (31) ने बताया कि उन्हें गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात तकरीबन 3:50 बजे होटल स्टाफ का फोन आया। स्टाफ ने सूचना दी कि आरक्षक जयराम राठौर अपने एक साथी के साथ होटल में उत्पात मचा रहा है। जानकारी मिलते ही संचालक तुरंत होटल पहुंचे।
मुफ्त में पानी की बोतलें, सिगरेट की मांग कर रहा था
संचालक के अनुसार, आरक्षक जयराम पूरी तरह शराब के नशे में था। वह अपना रसूख दिखाते हुए होटल स्टाफ से मुफ्त में पानी की बोतलें और सिगरेट की मांग कर रहा था। स्टाफ द्वारा मना करने पर उसने गाली-गलौच शुरू कर दी और होटल में मौजूद अन्य लोगों से भी बदतमीजी की।
शिकायत पर पुलिस टीम ने आरक्षक को हटाया
हंगामे की स्थिति बढ़ती देख होटल संचालक ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम (डायल 112) को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरक्षक की हरकतों को देखा और उसे फटकार लगाकर वहां से हटाया।
पीडि़त होटल संचालक ने अब इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर आरोपी आरक्षक के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
