अजमेर | बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सुचित्रा पिल्लई मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर हाजिरी देने पहुंचीं। अभिनेत्री इन दिनों राजस्थान के पुष्कर में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं, जहाँ से समय निकालकर वे जियारत के लिए अजमेर आईं। सुचित्रा ने ख्वाजा साहब की मजार पर अकीदत के फूल और चादर पेश कर देश में अमन-चैन और अपनी खुशहाली की कामना की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि दरगाह परिसर में आने के बाद उन्हें असीम मानसिक शांति और सुकून का अनुभव होता है।
जियारत के दौरान सुचित्रा पिल्लई ने विशेष रूप से बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म लेखक सलीम खान (सलमान खान के पिता) के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए दुआ मांगी। उन्होंने बताया कि वे सलीम खान के परिवार के साथ-साथ अस्मित पटेल और जरीना वहाब की तरफ से भी हाजिरी लगाने आई हैं। दरगाह के खादिम सैय्यद कुतुबुद्दीन सखी ने उन्हें मुकम्मल जियारत कराई, दस्तारबंदी की और तबर्रुक (प्रसाद) भेंट किया। सुचित्रा ने बताया कि ख्वाजा साहब के प्रति उनकी गहरी आस्था है और वे अक्सर यहाँ आशीर्वाद लेने आती हैं।
सुचित्रा पिल्लई भारतीय सिनेमा और टेलीविजन का एक जाना-माना चेहरा हैं। उन्होंने ‘दिल चाहता है’, ‘फैशन’, ‘पेज 3’ और ‘फितूर’ जैसी चर्चित फिल्मों में अपनी शानदार अदाकारी का लोहा मनवाया है। फिल्मों के अलावा वे ‘बेताल’ और ‘एक श्रृंगार-स्वाभिमान’ जैसे टीवी सीरियल्स के जरिए भी घर-घर में लोकप्रिय हुई हैं। फिलहाल वे अपनी अगली फिल्म ‘पल भर के लिए’ की तैयारी में जुटी हैं, जिसमें सामी खैर और विक्रम भट्ट जैसे कलाकार शामिल हैं। दरगाह दर्शन के बाद वे वापस पुष्कर स्थित अपने शूटिंग सेट के लिए रवाना हो गईं।

