इंदौर:सोमवार को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के प्रांगण में विद्यार्थियों द्वारा विशेष रूप से होली का उत्सव मनाया गया. अगले दिन से अवकाश घोषित होने के कारण बाहर से इंदौर पढ़ने आए अधिकांश छात्र-छात्राएं अपने-अपने घरों के लिए रवाना होने वाले हैं. इसी को देखते हुए सभी विद्यार्थियों ने परिसर में एकत्रित होकर पहले ही होली की शुभकामनाएं दीं और रंग-गुलाल के साथ त्योहार का आनंद लिया.
विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला. कई छात्र-छात्राएं भावुक भी नजर आए, क्योंकि अवकाश के दौरान वे अपने उन साथियों से दूर रहेंगे जो इंदौर में ही रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। बाहर से आए विद्यार्थियों ने होली मनाकर अपने मित्रों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं
निर्भय सिंह पटेल कॉलेज में भी विशेष आयोजन
वहीं दूसरी ओर निर्भय सिंह पटेल कॉलेज में भी छात्र एवं छात्राओं द्वारा होली का विशेष आयोजन रखा गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक तरीके से रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्सव का आनंद लिया. कॉलेज प्रशासन की देखरेख में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाई गई. बाहर से पढ़ाई करने आए छात्र-छात्राएं होली का उत्सव मनाकर अपने-अपने घरों के लिए रवाना होंगे, जबकि स्थानीय विद्यार्थी अपने परिवार के साथ त्योहार मनाएंगे
