बैतूल। जिला अस्पताल परिसर के भीतर स्थित गार्डन में सोमवार को अज्ञात कारणों से आग लगने की घटना सामने आई। आग लगते ही अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन समय रहते अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, यह आग जिला अस्पताल के पुराने गेट के सामने महिला एवं बाल रोग इकाई के पास स्थित बन गार्डन में लगी। बताया जा रहा है कि संभवत: किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बीड़ी या सिगरेट पीने के बाद उसे गार्डन की ओर फेंक दिया गया, जिससे वहां पड़ी सूखी पत्तियों में आग लग गई। सूखी पत्तियों की अधिकता के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल के आरएमओ डॉक्टर रानू वर्मा और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कर्मचारियों ने उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की और साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही अस्पताल भवन को कोई नुकसान पहुंचा। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं की जाती, तो अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाने की बात कही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि सार्वजनिक स्थानों पर बीड़ी-सिगरेट का प्रयोग न करें।
जिला अस्पताल परिसर में स्थित गार्डन में लगी आग
