इंदौर:होली, रंगपंचमी और रमजान के मद्देनजर शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है. इस दौरान शहर में 2500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए हैं. वहीं सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन मुखबिर तंत्र और चार कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे शहर की 360 डिग्री निगरानी की जाएगी. प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा योजना लागू कर दी है. जिससे शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस अपनी पैनी नजर रखेगी.त्योहारों के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा की कमान शीर्ष अधिकारियों ने संभाल ली है.
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह व्यवस्थाओं की सीधे मॉनिटरिंग कर रहे हैं. पुलिस कमिश्नर ने सभी जोनल अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और आम नागरिकों से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एक कंपनी को भी तैनात किया गया है. इसके अलावा क्यूआरएफ और क्यूआरएएफ बल शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल लगाया है.
वहीं, पूरे शहर की निगरानी के लिए 12 ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी नेटवर्क सक्रिय कर दिए है. साथ ही लाइव मॉनिटरिंग के लिए चार अलग-अलग स्थानों पर कंट्रोल रूम से गतिविधियों पर सतत नजर रखी जा रही है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तुरंत प्रतिक्रिया दल भी अलर्ट मोड पर है. वहीं सोमवार की रात पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी निकाला, ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया जा सके. इस दौरान प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
बस में भरकर भेजे गए 32 गुंडे-बदमाश
चप्पे-चप्पे पर पुलिस के रहने से सोमवार को एक ही थाना क्षेत्र (लसूड़िया) से 32 सक्रिय गुंडे, बदमाश और विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है. इनमें से 5 आरोपी अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए, 2 आरोपी अवैध शराब बेचते मिले. इसके अलावा 12 आरोपी पूर्व में दर्ज प्रकरणों में वांछित थे, जबकि 13 अन्य वर्तमान में आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए गए. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सहायक पुलिस आयुक्त, विजयनगर के समक्ष लसूड़िया थाना प्रभारी तारेष कुमार सोनी एवं टीम ने पेश किया
