
नर्मदापुरम। समाजसेवा और साहित्य को समर्पित संस्था ‘नर्मदा आव्हान सेवा समिति’ द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय काव्य महोत्सव एवं सम्मान समारोह कवयित्री कुंभ का भव्य आयोजन किया गया। कटनी के हिरवारा स्थित लिटिल स्टार चिल्ड्रन होम में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न अंचलों से आईं 45 कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. समीर चौधरी ने समिति के प्रयासों की सराहना की, वहीं अध्यक्षता कर रही छाया गुप्ता ने हिंदी साहित्य को समृद्ध करने में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। आयोजक कैप्टन करैया ने स्वागत भाषण दिया। दो सत्रों में चले इस महोत्सव में जबलपुर की विनीता सोनी, शहडोल की छाया गुप्ता और भोपाल की डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव सहित अनेक कवयित्रियों ने गीत, गजल और हास्य-व्यंग्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर समिति द्वारा सभी कवयित्रियों को साहित्य गौरव और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन अनिल मिश्रा ने किया और अंत में कैप्टन करैया ने आभार व्यक्त किया।
