इंदौर:होली और रंगपंचमी के त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए इंदौर पुलिस और प्रशासन ने कमर कस ली है. शहर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत 2500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और 12 ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी.पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह और कलेक्टर शिवम वर्मा सुरक्षा व्यवस्था की मुख्य कमान संभालेंगे. त्योहारों के मद्देनजर पुलिस कमिश्नर ने सभी जोन के अफसरों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और नागरिकों से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं.
शहर में सुरक्षा के लिए केंद्रीय बल सीआरपीएफ की एक कंपनी इंदौर पहुँच चुकी है. इसके साथ ही क्यूआरएएफ और जिला बल तैनात रहेगा. पूरे शहर की 360-डिग्री ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लाइव निगरानी की जाएगी, जिसके लिए 4 स्थानों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं. पुलिस आज शाम संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी निकालेगी.
