
सौसर। नेशनल हाईवे पर रविवार को शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ कुड्डम जोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुड्डम जोड़ पर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दुर्गेश पिता गणेश दास बैरागी 35 वर्ष,निवासी ग्राम बेरड़ी के रूप में हुई है। बताया गया कि दुर्गेश कुड्डम की ओर से वापस आ रहा था, तभी जोड़ के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्गेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही सौसर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सौसर के सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
