
भोपाल। राजधानी के 10 नंबर स्थित आशा निकेतन परिसर में फैमिली फ्रेंड फाउंडेशन द्वारा निर्मित आधुनिक मर्चुरी का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर आर बिशप डॉ. ए.एस. दुरैराज एसवीडी ने विधिवत फीता काटकर और प्रार्थना के साथ मर्चुरी का शुभारंभ किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता, चर्च के सदस्य, स्थानीय नागरिक और फाउंडेशन से जुड़े पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में आर बिशप डॉ. दुरैराज ने कहा कि यह मर्चुरी जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने बताया कि कई बार अचानक मृत्यु होने की स्थिति में परिजनों को शव के सुरक्षित संरक्षण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में यह सुविधा संवेदनशील और मानवीय सहयोग प्रदान करेगी।
फैमिली फ्रेंड फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस मर्चुरी में आधुनिक कोल्ड स्टोरेज व्यवस्था की गई है, जिससे शव को सुरक्षित रखा जा सकेगा। संस्था का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को सम्मानजनक और व्यवस्थित अंतिम सेवाएं उपलब्ध कराना है।
