सिलवानी: अंचल, रोसरा रानी क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना को लेकर सिलवानी अंचल के ग्राम रोसरा रानी में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले अखंड सीताराम जाप कार्यक्रम की वर्षगांठ इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस धार्मिक अनुष्ठान में ग्रामीणों ने पूरे 24 घंटे अखंड रूप से ‘सीताराम’ नाम का जाप किया।
ग्राम रोसरा रानी में कई वर्षों से अखंड सीताराम का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। ग्रामीणों की मान्यता है कि इस पावन आयोजन से गांव एवं क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। वर्षगांठ के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था तथा भजन-कीर्तन के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धापूर्वक सीताराम नाम का जाप किया तथा उपस्थित गुरुजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
