खबर का असर
जबलपुर: नवनिवेश कॉलोनी रूद्राक्ष पार्क के सामने के रहवासियों को मौत के साये के बीच से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। इसकी मुख्य वजह मौत का साया बनकर सड़क से बिल्कुल नजदीक लटक रहे चालू विद्युत लाइन के तारों के झुंड को बिजली विभाग के अमले द्वारा व्यवस्थित कर दिया गया है, अब यहां तारों का झुंड नहीं लगा है और विभाग के जिम्मेदारों नेे विद्युत पोल लगाकर पूरे तारों को व्यवस्थित कर दिया है। जिसके बाद स्थानीय जनों ने राहत की सांस ली है।
बलराज सिंह, शुभम साहू, जितेंद्र साहू, करन सेन, चिरौंजी साहू, अन्नीलाल सेन, चंदन कोरी सहित अन्य स्थानीय रहवासियों ने नवभारत के प्रति आभार व्यक्त किया है।विदित हो कि नवभारत ने गत 28 फरवरी के अंक में नीचे जिंदगी, ऊपर मौत का साया के शीर्षक की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी जिसके बाद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी होश में आए और उन्होंने तत्काल इन घातक तारों के झुंड को विद्युत अमले से व्यवस्थित कराया और स्थानीय रहवासी व राहगीरों को राहत दी।
प्रतिदिन गुजरते हैं हजारों लोग
जानकारी के अनुसार नवनिवेश कॉलोनी रूद्राक्ष पार्क के सामने से सड़क भूकंप कॉलोनी, दुर्गा नगर, श्याम नगर, शांति नगर, महावीर नगर की ओर जाती है जिसमें प्रतिदिन हजारों लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। इसके साथ ही छोटे छोटे स्कूली बच्चों को स्कूल लाने ले जाने के लिए वैन, ऑटो भी इसी मार्ग से चलते हैं, ऐसे में स्थानीयजनों को डर हमेशा बना रहता था कि कहीं ये चालू बिजली के तार किसी स्कूली वैन पर गिर गया तो किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकेगा।
