तेल अवीव, 28 फरवरी (वार्ता) इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार सुबह तेहरान पर हुए अमेरिका-इज़राइल हमलों के बारे में अपने पहले वीडियो बयान में कहा कि ईरान को अपना शासन बदलने के साथ-साथ परमाणु कार्यक्रम को भी खत्म करना होगा।
श्री नेतन्याहू ने “ईरानी लोगों के सभी हिस्सों” से “ज़ुल्म का बोझ उतार फेंकने और एक आज़ाद और शांतिपूर्ण ईरान बनाने” की अपील की। उन्होंने कहा, “हमारी मिलकर की गयी कार्रवाई बहादुर ईरानी लोगों के लिये अपनी किस्मत अपने हाथों में लेने के हालात बनाएगी।”
श्री नेतन्याहू ने जून में ईरान के साथ 12 दिन की लड़ाई के दौरान ईरानी लोगों से सरकार के खिलाफ़ आवाज़ उठाने की भी अपील की थी। श्री नेतन्याहू ने अपने वीडियो बयान की शुरुआत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को “उनके ऐतिहासिक नेतृत्व के लिए” धन्यवाद देकर की।
श्री नेतन्याहू ने कहा, “इस खूनी आतंकवादी सरकार को परमाणु हथियार हासिल करने की इजाज़त नहीं दी जानी चाहिए जिससे वह पूरी इंसानियत को खतरे में डाल सके।”
