गुलमर्ग (जम्मू और कश्मीर), 26 फरवरी (वार्ता) केन्द्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुरुवार को कहा कि यहां होने वाला अगला ‘खेलो इंडिया शीतकालीन खेल’ 15 दिनों का होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुलमर्ग में विंटर गेम्स के भविष्य के संस्करणों को 15 दिवसीय एकीकृत खेल आयोजन के रूप में विस्तार दिया जाएगा, जिसमें खेलों को पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ जोड़ा जाएगा।
आज यहां छठे खेलो इंडिया शीतकालीन गेम्स के गोल्फ कोर्स में आयोजित समापन समारोह में उन्होंने कहा, “अब विंटर गेम्स केवल चार दिनों तक सीमित नहीं रहेंगे। पर्यटन को साथ जोड़कर हम 15 दिनों के विंटर गेम्स का आयोजन करेंगे, जिसमें फिट इंडिया कार्निवल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कई प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। कश्मीर की धरती में अपार क्षमता है, आने वाले समय में गुलमर्ग शीतकालीन खेलों का वैश्विक केंद्र होगा।”
डॉ. मांडविया ने इस बात पर जोर दिया कि खेलों में समाज को एकजुट करने, खेल भावना को बढ़ावा देने, सद्भाव पैदा करने और विकास को गति देने की शक्ति है। जम्मू-कश्मीर में खेलो इंडिया केंद्रों के एथलीटों और कोचों के साथ अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने क्षेत्र से उभरती शानदार खेल भावना की सराहना की।
गुलमर्ग को “विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल” बनाने और खेल-संस्कृति-पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. मांडविया ने कहा कि इस क्षेत्र की क्षमता का पूरी तरह से दोहन करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, “मैंने स्विट्जरलैंड सहित 55 देशों की यात्रा की है। आज जब मैं पीर पंजाल की सबसे ऊंची ढलानों पर था और चारों ओर की बर्फीली सुंदरता को देख रहा था, तो वह दृश्य अद्भुत और विस्मित कर देने वाला था। मैं गुलमर्ग में 15 दिनों के उत्सव के पक्ष में हूँ। इसमें न केवल स्कीइंग और स्नो माउंटेनियरिंग जैसे शीतकालीन खेलों के सभी तत्व शामिल होंगे, बल्कि इसे एक उत्सव का रूप देने के लिए इसमें ‘फिट इंडिया’ कार्निवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी जोड़े जाएंगे। इस क्षेत्र की अद्भुत क्षमता का लाभ उठाने के लिए, हमें इसे एक वैश्विक पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है।”
डॉ. मांडविया ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स चैंपियनशिप का खिताब बरकरार रखने के लिए भारतीय सेना की टीम को सम्मानित किया। सेना ने कुल 23 पदक जीते, जिनमें 9 स्वर्ण, 6 रजत और 8 कांस्य शामिल हैं। उपविजेता हिमाचल प्रदेश (6 स्वर्ण सहित 14 पदक) और तीसरे स्थान पर रहे हरियाणा को भी उन्होंने ट्रॉफी सौंपी।
