
इंदौर। लोकायुक्त संगठन भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खालवा क्षेत्र में महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
कार्यवाहक निरीक्षक श्रीमती प्रतिभा तोमर ने बताया कि 27 वर्षीय आवेदिका श्रीमती सलिता पालवी निवासी ग्राम मोजवारी, तहसील खालवा, जिला खंडवा वर्तमान में आंगनवाड़ी केन्द्र-1 मोजवारी में सहायिका के पद पर पदस्थ हैं. उनकी नियुक्ति अक्टूबर 2025 में हुई थी. गांव स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र-3 में कार्यकर्ता का पद रिक्त होने पर उन्होंने नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत किया था. आरोप है कि सेक्टर सावली की महिला बाल विकास पर्यवेक्षक (संविदा) श्रीमती अजिला मोहे उम्र 55 निवासी ग्राम मलगांव, पोस्ट खेडी, तहसील खालवा ने आवेदिका से पहले सहायिका पद पर नियुक्ति के एवज में 5 हजार रुपये तथा कार्यकर्ता पद पर पदस्थापना के लिए 2 लाख रुपये की मांग की. इस तरह 2 लाख 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी, पीड़िता ने इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से की. शिकायत के सत्यापन के बाद गुरुवार 26 फरवरी को ट्रैप दल गठित किया गया. योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत आरोपी पर्यवेक्षक को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
