मोदी की यात्रा से भारत-इज़राइल संबंधों में नया आयाम, विशेष रणनीतिक साझोदारी का निर्णय

यरूशलम , 26 फरवरी (वार्ता ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत और इज़राइल ने अपनी साझेदारी को ”विशेष रणनीतिक साझेदारी” का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है और दोनों देश महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी एवं दुर्लभ खनिजों की आपूर्ति श्रृंखला के क्षेत्र में सहयोग करेंगे।
श्री मोदी ने यहां इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तरीय बैठक के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, ” आज हमने समय की कसौटी पर खरी उतरी अपनी साझेदारी को ‘ विशेष रणनीतिक साझेदारी ‘ का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।” अपनी दो दिवसीय इज़राइल यात्रा के दूसरे दिन श्री मोदी ने कहा कि उन्हें नौ वर्ष पहले इजरायल की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनने का सौभाग्य मिला था। अब एक बार फिर इजराइल की ऐतिहासिक भूमि पर कदम रखना उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण है।

उन्होंने उन्नत और उभरती प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग पर हुई सहमति की जानकारी देते हुए कहा, ” आज हमने महत्वपूर्ण और उभरतीय प्राद्योगिकी साझेदारी स्थापित करने का निर्णय लिया है। इससे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्वांटम और दुर्लभ खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिलेगी।”
प्रधानमंत्री ने खुशी जाहिर की कि इजरायल सरकार अपने देश में भारतीय डिजिटल भुगतान प्रणाली यूपीआई के इस्तेमाल की छूट देने को तैयार हो गयी है और इसके लिए समझौता किया गया है।
आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े रुख को दोहराते हुए श्री मोदी ने कहा, ” भारत और इजरायल पूरी तरह से स्पष्ट हैं कि आतंकवाद का दुनिया में कोई स्थान नहीं है। किसी भी रूप में, किसी भी तरीके के आतंकवाद को सहन नहीं किया जा सकता।”

प्रधानमंत्री ने कहा , ” हम कंधे-से-कंधा मिलाकर आतंकवाद और उनके समर्थकों का विरोध करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। ” श्री मोदी ने गाजा शांति समझौते के प्रति भारत का समर्थन दोहराते हुए कहा , ‘ मानवता संघर्ष का शिकार न बने। गाजा शांति योजना से शांति का एक रास्ता बना है।
भारत ने इन प्रयासों का पूर्ण समर्थन किया है।’ उन्होंने कहा कि भारत और इज़राइल के संबंध गहरे विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की मजबूत आधारशिला पर स्थापित हैं।हमारे रिश्ते समय की हर कसौटी पर खरे उतरे हैं। इस यात्रा के आखिरी दिन दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों और सहमति के ज्ञापनो पर हस्ताक्षर किये गये। प्रधानमंत्री ने यात्रा के पहले दिन बुधवार को इज़राइल की संसद को संबोधित किया था। वह आज इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हरज़ोग से भी मुलाकात की।

Next Post

भारत और इजराइल द्विपक्षीय मंत्री स्तरीय बैठकों की व्यवस्था पर सहमत

Thu Feb 26 , 2026
यरुशलम, 26 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान दोनों देश भविष्य में नियमित तौर पर द्विपक्षीय मंत्री स्तरीय बैठकों की व्यवस्था पर सहमत हुए हैं। श्री मोदी की यात्रा के दूसरे और अंतिम दिन गुरुवार को संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने […]

You May Like