जबलपुर: रामपुर के अंतर्गत ग्वारीघाट वार्ड स्थित मां नर्मदा मैरिज गार्डन का बुधवार को राजस्व अमले द्वारा निरीक्षण किया गया तो सारी पोल खुल गई। जांच में पता चला कि रिकॉर्ड में दर्ज संख्या से कहीं अधिक मात्रा में संपत्ति मौजूद है। राजस्व टीम द्वारा की गई भौतिक जांच में मैरिज गार्डन का वास्तविक क्षेत्रफल 81,992 वर्गफीट पाया गया। जिसके बाद टीम द्वारा संपत्ति धारक शिव कुमार रघुवंशी को 38,49,121 रुपये जमा करने का नोटिस जारी किया गया। गौरतलब है कि संपत्ति धारक द्वारा पूर्व में केवल 3,120 वर्ग फीट निर्मित क्षेत्र और 5,000 वर्ग फीट भूमि ही दर्ज कराई गई थी। निगम की इस सजगता से इतने बड़े अंतर का खुलासा हो सका। ये सब संपत्ति धारक द्वारा टैक्स कम देने की नीयत से किया गया है लेकिन निगम की सख्ती के आगे अब उसे पूरा कर चुकाना होगा।
सभी संचालकों से निगमायुक्त की अपील
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शहर में स्थित सभी बारात घरों, होटलों, मैरिज लॉनों, अस्पतालों और अन्य सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की है कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों की सही ढंग से नपाइ कर टैक्स की गणना कराकर निगम को अवगत कराएं और निगम की अप्रिय कार्यवाही से बचे। यदि जांच के दौरान दर्ज सम्पत्तियों में अंतर पाया जाता है तो नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।
कार्यवाही के दौरान अपर आयुक्त अरविंद शाह, संभागीय अधिकारी पवन श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक अमित दुबे, प्रभारी राजस्व निरीक्षक मधुलिका चौधरी, सहायक राजस्व निरीक्षक बलराम लोधी आदि उपस्थित रहे।
